
ज्वाला देवी गंगापुरी में मनाया गया कारगिल विजय दिवस
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज गंगापुरी, रसूलाबाद में मंगलवार को कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कर्नल एस.आर दूबे (अवकाश प्राप्त) ने कहा कि हमें कारगिल को अंतिम न मानकर सदैव सजग रहना चाहिए। हमें देश के आंतरिक व वाह्य दोनों प्रकार के शत्रुओं से सावधान रहते हुए देश की रक्षा के लिए तत्पर रहना चाहिए।
कार्यक्रम प्रमुख आचार्य संदीप कुमार मिश्र ने कार्यक्रम की प्रस्ताविकी रखते हुए बताया कि किसी युद्ध को जीतने के लिए सिर्फ अत्याधुनिक उपकरण और सैन्य ताकत ही नहीं, बल्कि उस देश के नागरिकों के अपने राष्ट्र भूमि के रक्षार्थ अपना सर्वस्व अर्पित करने की भावना से सुनिश्चित होता है। कैप्टन विक्रम बत्रा, लेफ्टिनेंट सौरभ कालिया, मेजर योगेन्द्र सिंह यादव एवं कैप्टन मनोज पाण्डेय आदि शहीदों का जिक्र करते हुए कहा कि हमें भी अपने देश के सम्मान एवं निष्ठा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र ने देश के शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि हमें सदैव देश के लिए समर्पित रहना चाहिए और आने वाली पीढ़ी को देश सेवा के लिए जागरूक करें। एक देश की आन बान और शान सेना होती है। जिसका हमें सदैव सम्मान करते रहना चाहिए। मीडिया प्रभारी दीपक कुमार मिश्र ने बताया कि निर्मल कुमार द्विवेदी (अवकाश प्राप्त ए.आर.टी.ओ.) एवं दीपक दूबे (सॉफ्टवेयर इंजीनियर) भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा कौशिकी श्रीवास्तव ने अपने विचार रखे एवं छात्रा कीर्ति त्रिपाठी ने देश भक्ति गीत ’ए मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी’ गीत को प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र ने वीर जवानों को नमन करते हुए तथा छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए देश के लिए अपने कर्तव्यों को निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। संचालन छात्र जय गुप्ता एवं छात्रा अदिति मिश्र ने किया।

