गंगा का जलस्तर बढ़ा,बैराज के सारे गेट खोले गए

कानपुर (अनुराग दर्शन समाचार )। गंगा का जलस्तर फिर से बढ़ने लगा है। पहाड़ों पर हो रही बारिश का असर गंगा पर ज्यादा पड़ा है। फिलहाल बैराज के सभी 30 गेट खोल दिए गए हैं। हरिद्वार और नरौरा से भारी मात्रा में पानी आने की सूचना को लेकर सिंचाई विभाग के अफसर अलर्ट मोड पर हैं। कई घाटों पर गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है जिसके बाद घाटों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
हफ्ते भर पहले गंगा के जलस्तर में 1 मीटर तक का असर पड़ा था मगर दो दिन पहले से गंगा फिर से घटने लगीं थीं। यहां तक कि बुधवार को बैराज के अप स्ट्रीम (बैराज से बिठूर की तरफ) 112.90 मीटर तक जलस्तर हो गया था। दस सेंटीमीटर की कमी आई थी। गुरुवार की सुबह इसमें और कमी आई और जलस्तर 112.65 मीटर तक पहुंच गया। आठ बजे से जलस्तर में और उफान आया क्योंकि हरिद्वार और नरौरा से तीन दिन पहले छोड़ा गया पानी यहां पहुंचने लगा था। महज तीन घंटे में ही जलस्तर 112.80 मीटर पहुंच गया। शाम तक इसमें 20 सेंटीमीटर और वृद्धि की संभावना है। बैराज के गेज रीडर उत्तम पाल कहते हैं कि पीछे से आ रहे पानी के वेग तो देखते हुए सारे गेट खोल दिए गए हैं।




