अंजनी पुत्र हनुमान की निकली शहर में कई जगह शोभा यात्राएं

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। पांच दिवसीय दीपोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को हनुमान जयंती श्रद्धा, उल्लास के साथ मनाई जा रही है। हनुमान मंदिरों में विशेष अनुष्ठान पूजन आयोजित किए गए हैं। त्रिपोलिया स्थित हनुमान मंदिर में सुबह पूजन-अर्चन के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा जीरो रोड, बादशाही मंडी, भारती भवन होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। बड़े हनुमान मंदिर के महंत बलवीर गिरि के सानिध्य में शाम चार बजे अभिषेक पूजन और 56 भोग लगाया जाएगा। सिद्धपीठ प्राचीन बालरूप हनुमान मंदिर पुराना जीटी रोड उंचवागढ़ी में श्रृंगार पूजन किया गया। पीठाधीश्वर पंडित आशीष पांडेय के अनुसार शाम को स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, विशिष्ट अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति गिरिधर मालवीय, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई और महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी आरती पूजन करेंगी। कटरा रामलीला कमेटी की ओर से कचेहरी रोड स्थित हनुमान मंदिर में शाम को सवा दो कुंतल फूलों से हनुमान जी का श्रृंगार होगा। सिद्ध पीठ ललिता देवी और हनुमत निकेतन मंदिर में श्रृंगार, पूजन और सुन्दरकांड का पाठ किया जा रहा है।




