योगी के बयान से अटकलों का बाजार गर्म, बदल सकते हैं चुनावी समीकरण
योगी के बयान से अटकलों का बाजार गर्म, बदल सकते हैं चुनावी समीकरण

योगी के बयान से अटकलों का बाजार गर्म, बदल सकते हैं चुनावी समीकरण सोमवार को मंत्रियों के साथ हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए बयान कि कोई मंत्री, सांसद और विधायक अपने परिजनों और रिश्तेदारों के लिए टिकट की मांग नहीं करेगा, के बाद शहर में महापौर के टिकट को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। किस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या मंत्री नन्दी की पत्नी अभिलाषा गुप्ता को टिकट नहीं मिलेगा?
यदि अभिलाषा को टिकट नहीं मिलेगा तो फिर भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा, यह भी लोगों के लिए जिज्ञासा का कारण बन गया है। हालांकि महापौर पद के लिए भाजपा में दावेदारों की लंबी चौड़ी फेहरिस्त है। बैठक में मौजूद रहे भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष का यह बयान भी काफी महत्वपूर्ण है कि विधानसभा चुनाव में जिन्हें टिकट नहीं मिल पाया था उन्हें प्राथमिकता दी जायेगी। प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान से कई दावेदारों की उम्मीद बढ़ गई है।
प्रदेश अध्यक्ष में यह भी कहा कि यदि कहीं जीत के लिए किसी मंत्री, सांसद या विधायक के परिजन को टिकट देना अपरिहार्य होगा तो इसका निर्णय प्रदेश कोर कमेटी करेगी। प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान से चुनाव लड़ने की मंशा पाले मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के परिजनों की उम्मीद थोड़ी जिंदा बची है। ऐसे ही उम्मीदवारों में अभिलाषा गुप्ता भी शामिल हैं
टिकट के लिए 822 नेताओं ने किया आवेदन, 10 की सूची होगी फाइनल
भाजपा में नगर निगम चुनाव के दावेदारों की सूची सबसे लंबी है। टिकट के लिए भाजपा में छोटे बड़े सभी नेता एड़ी से चोटी का जोर लगा रहे हैं। महापौर प्रत्याशी के नाम पर प्रदेश से अंतिम मोहर लगेगी। सोमवार तक महानगर इकाई के सामने कुल 822 लोगों ने आवेदन दिया है। काशी प्रांत के नये अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने भी महानगर कार्यालय में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन किया और आवेदकों के बारे में जानकारी भी ली। सूत्रों के मुताबिक बुधवार तक सूची फाइनल हो जायेगी। दस नामों की सूची काशी प्रांत को भेजी जाएगी, इसमें से छटनी के बाद पांच नाम प्रदेश कार्यालय को भेजे जायेंगे। वहाँ एक नाम पर अंतिम मोहर लगेगी। फिलहाल जातिवार हर वर्ग से दो-दो नाम भेजे जायेंगे। महापौर पद के लिए जिन नामों की चर्चा है उसमे पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता, डॉ कीर्तिका अग्रवाल, गणेश केसरवानी, अवधेश चंद्र गुप्ता, राकेश शुक्ला, एलएस ओझा और कविता यादव त्रिपाठी आदि शामिल हैं। महापौर पद के लिए कुल 82 आवेदन मिले हैं।



