दिन में फेरे और रात में रिसेप्शन शादियों पर दिखने लगा कोरोना इफेक्ट, जानिए वजह
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण के मौजूदा काल में रात भर चलने वाली शादियां अब दिन में हो रही हैं। बिना किसी शोर शराबे के दिन में फेरे और शाम से रात 10 बजे तक रिसेप्शन। इसके बाद लोग अपने-अपने घर लौट जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया श्रीकटरा रामलीला कमेटी में गुरुवार को। जब मु_ीगंज के एक परिवार ने दोपहर में ही फेरे लिए। प्रशासन ने अब तक केवल रात 10 बजे तक ही शादी कराने की अनुमति जारी की है। इसके कारण लोग परेशान हो गए हैं।
शादी समारोह के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले, इसके लिए लोग खुद ही जागरूक हो गए हैं। श्रीकटरा रामलीला कमेटी के महामंत्री गोपाल बाबू जायसवाल ने बताया कि एक शादी दोपहर में ही हो गई। परिवार के 40-50 लोग वाहन में बैठकर आए। शादी की सभी रस्में हुईं और लोग शाम चार बजे तक अपने-अपने घर की ओर चले गए। शाम को एक बार फिर लोग रिसेप्शन के लिए आएंगे।


