Latest

महाकुंभ मेला दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक समागम- ब्रजेश पाठक

महाकुंभ मेला दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक समागम- ब्रजेश पाठक

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) । कुंभनगर स्थित गोवर्धन मठ पुरी पीठ के शिविर में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ के सान्निध्य में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने धर्म ध्वजारोहण किया।

उप मुख्य मंत्री ने शंकराचार्य शिविर में किया ध्वजारोहण

उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचोपचार पूजन भी किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साधु-संत एवं विद्वद्जन उपस्थित थे। उप मुख्य मंत्री ने शंकराचार्य से विभिन्न विषयों पर विचार विमर्श किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाकुंभ मेला दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक समागम है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गुरुवार को सेक्टर 18 स्थित गोवर्धन मठ पुरी के शंकराचार्य शिविर में अपराह्न करीब तीन बजे पहुंचे। उनके साथ कई वरिष्ठ अधिकारी भी थे। उन्होंने पंचोपचार पूजन कर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने विशाल यज्ञशाला एवं शिविर की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही धार्मिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर शंकराचार्य से विचार विमर्श भी किया। उन्होंने साधु-संतों से हालचाल जाना। इस अवसर पर उप मुख्य मंत्री ने कहा कि महाकुंभ मेला का सनातन संस्कृति में विशेष महत्व है। इसमें हिन्दू समाज की समरसता का बोध होता है। लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ संगम के पवित्र जल में डुबकी लगाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भव्य एवं दिव्य महाकुंभ के आयोजन के लिए कृतसंकल्प है। महाकुंभ का आयोजन ऐतिहासिक होगा। इसे दुनिया देखेगी। इसके पूर्व उप मुख्य मंत्री ने गोवर्धन मठ स्थित भगवान आद्य शंकराचार्य की 2500 वर्ष प्राचीन चरण पादुका का पूजन किया। साथ ही पुरी पीठ के 145वें एवं वर्तमान शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

Related Articles

Back to top button