युवक ने खुद को गोली से उड़ाया

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। पत्नी के मायके जाने की तैयारी से नाराज पति ने शुक्रवार दोपहर करेली में खुद को गोली से उड़ा दिया। मौके पर पहुंची करेली पुलिस युवक को स्वरूपरानी अस्पताल ले गई लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस अफसरों ने फॉरेंसिक टीम की मदद से पड़ताल की।
करेलाबाग निवासी श्याम सुंदर साहू ने कुछ सालों पहले एक बच्चे को गोद लिया था। 28 वर्षीय अमर सिंह साहू को बेटे की तरह पाला था। कुछ सालों पहले अमर की नेहा गुप्ता से शादी हुई थी। उसकी एक बेटी है। श्याम सुंदर के घर में ही एक जनरल स्टोर की दुकान है। अमर सिंह साहू अपने पिता के साथ दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि 2 दिन पहले किसी बात को लेकर अमर का अपने पिता से विवाद हुआ था। इस बीच पत्नी से भी उसकी तकरार हो गई। इससे उसकी पत्नी नेहा नाराज हो गई और उसने मायके वालों को बुला लिया।
शुक्रवार दोपहर पत्नी नेहा अपनी बेटी को लेकर मायके जाने के लिए कमरे से सामान पैक करके बाहर निकल रही थी। इस दौरान अमर ने कमरे के अंदर तमंचे से सिर में गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। कमरे के अंदर खून से लथपथ अमर सिंह साहू पड़ा था। सूचना मिलते ही करेली थाने की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने कमरे की पड़ताल की जहां पर उसे तमंचा मिल गया। पुलिस ने बताया कि माथे पर गोली लगी है। फिंगर प्रिंट का मिलान भी किया जाएगा।


