मेला क्षेत्र से लेकर शहर की सड़कों पर हर तरफ जाम ही जाम
प्रयागराज, अनुराग शुक्ला। मेला क्षेत्र में बढ़ी भीड़ से जाम दिन भर जाम की स्थिति भी रही। मेला क्षेत्र में त्रिवेणी मार्ग, गंगोली शिवाला मार्ग, मोरी, अन्नपूर्णां, अक्षयवट मार्ग, रामानंद मार्ग पर जाम की स्थिति रही।

वहीं मेला क्षेत्र से बाहर सोहबतिया बाग, अलोपीबाग, मधवापुर, बैरहना, तुलारामबा की सड़कें भी वाहनों और लोगों की भीड़ से पटी रहीं। आलम यह था कि जो वहां फंस गया, कई घंटे के चक्रव्यूह से निकल ही नहीं सका।

यातायात व्यवस्था ध्वस्त दिखी
भीड़ और वाहनों के जाम को हटाने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस या ट्रैफिक सिपाही नजर नहीं आए। जो कुछ थे भी वह असहाय ही बने रहे। भीड़ बढ़ी तो बाद में रास्तों को वन वे कर दिया गया, लेकिन तब तक जाम की स्थिति बिगड़ चुकी थी।

दुकानदारों के चेहरे खिले
यूं तो वसंत पंचमी के बाद माघ मेला क्षेत्र में चहल-पहल कम होने लगी थी। दुकानदार खाली बैठे रहते थे। वहीं रविवार की अचानक बढ़ी भीड़ को देख उनके चेहरे खिल उठे। एक बार फिर उनकी दुकानों पर भीड़ जुटने लगी। सामानों की जमकर लोगों ने खरीदारी भी की। वहीं मेला क्षेत्र में लगे झूलों पर बच्चों की भीड़ जुटी।

