अब तक 863 मामले: शुक्रवार को केरल में 39 नए केस मिलने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 176 पहुंची

नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस संक्रमण के अब तक 863 मामले सामने आ चुके हैं। ये आंकड़े कोविड19 इंडिया डॉट ओआरजी के मुताबिक हैं। हालांकि, सरकार ने देश में अभी 743 कोरोना पॉजिटिव मिलेने की ही पुष्टि की है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा 39 नए मामले केरल में सामने आए। राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 176 हो गई। देश में कोरोना के 66 मरीज ठीक भी हो चुके हैं।
संक्रमण से देश में 21वीं मौत शुक्रवार को कर्नाटक के तुमकुर में हुई। संक्रमित व्यक्ति की उम्र 65 साल थी। वह 5 मार्च को दिल्ली गया था और 11 मार्च को लौटा था। तुमकुर के डिप्टी कमिश्नर डॉ के राकेश कुमार ने कहा कि उसके साथ सफर करने वाले सभी यात्रियों का पता लगाया जा रहा है। गुरुवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 6 लोगों ने दम तोड़ा।
कोरोना के खिलाफ सेना का ऑपरेशन नमस्ते
कोरोनावायरस संक्रमण के खिलाफ हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जा रही है। भारतीय सेना भी इसमें अपना योगदान दे रही है। आर्मी ने इस अभियान को ‘ऑपरेशन नमस्ते’ नाम दिया है। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा कि हम पिछले अभियानों में सफल रहे हैं और आगे ‘ऑपरेशन नमस्ते’ में भी सफल होंगे।
शिर्डी के सांईबाबा ट्रस्ट ने 51 करोड़ रुपए दान किए
पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री राहत कोष में 25-25 लाख रुपए दान दिया है। इससे पहले सौरव गांगुली ने गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वालों के लिए 50 लाख रुपए के चावल दान किए थे। सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन गुजरात ने भी प्रधानमंत्री राहत कोष में 21 लाख रुपए दान किए हैं। वहीं, कोरानावायरस आपदा से निपटने के लिए शिरडी के श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 करोड़ रुपए दान किए हैं।



