CoronaVirus ने ली अपनों की जान, तो सदमा सहन नहीं कर पाई साध्वी,
इटली। चीन के बाद CoronaVirus का कहर जिस देश पर सबसे ज्यादा पड़ा है, उसमें इटली शामिल है। यहां शुक्रवार को ही एक दिन में करीब 1000 लोगों की मौत हुई। इस बीच, हरियाणा के करनाल से आई एक दुखद खबर का इटली से सीधा कनेक्शन हैं। दरअसल, करनाल के गांव उच्चाना स्थित सिक पाथरी माता मंदिर में साध्वी के तौर पर क्लौडिया काकालरो सालों से रह रही थीं, जो इटली मूल की थीं। अब पता चलता है कि इटली में कोरोना वायरस से मरने वालों में क्लौडिया काकालरो के पड़ोस में रहने वाले 10 परिचित भी शामिल हैं। फोन पर मिली इस सूचना ने क्लौडिया काकालरो को तोड़ दिया और सदमे में उनकी भी मौत हो गई।
करनाल से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। काकालरो के पति की करीब 7 साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद वे भारत आ गई थीं, और पाथरी माता मंदिर के महंत मछंदर गिरी से 2017 में शादी रचा ली थी। एक साल बाद मछंदर की भी बीमारी से मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि काकालरो के इटली में तीन बेटे हैं, जो शादीशुदा हैं। जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि CoronaVirus के कारण अपने परिचितों की मौत का सदमा वह सहन नहीं कर पाई, लेकिन सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चल पाएगा।

