यूपी में मंगलवार को कोरोना वायरस के सात नए केस, पढ़िये पूरी खबर
लखनऊ। यूपी में मंगलवार को कोरोना वायरस के सात नए केस मिले हैं। जिसमें से पांच बरेली के, एक नोएडा व एक गाजियाबाद का है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 103 हो गई है। हालांकि, एक दिन पहले सोमवार को 15 नए मरीज मिलने से शासन-प्रशासन की चिंता बढ़ गई थी। सोमवार को मिले मरीजों में सात नोएडा के, पांच मेरठ के और एक-एक मरीज आगरा, लखनऊ व बुलंदशहर के थे।
प्रदेश के कुल 103 मरीजों में नोएडा के सबसे ज्यादा 39 व मेरठ के 19 मरीज हैं। इसके अलावा आगरा के 11, लखनऊ के 9, गाजियाबाद के 8, बरेली के छह, पीलीभीत-वाराणसी के दो-दो, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, कानपुर, जौनपुर, शामली, बागपत, बुलंदशहर में एक-एक मरीज पॉजिटिव मिला है।07:33 PM, 31-MAR-2020
कोरोना वायरस: मेरठ के लिए अच्छी खबर, आज 19 सैंपल्स की हुई जांच, सभी आई नेगेटिव
मेरठ के लिए आज अच्छी खबर है। लगातार बढ़ रही कोरोना के मरीजों की संख्या मंगलवार को ठहर गई। शहर में आज 19 सैंपल्स की जांच हुई जो कि सभी नेगेटिव पाई गई हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। हालांकि इससे पहले मेरठ में 19 लोगों को कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो चुकी हैं। इन सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया हुआ है। जहां उनका उचपार किया जा रहा है।मेरठ में अब तक 128 जांच हुई हैं। इनमें से 19 पॉजिटिव केस मिले हैं, जबकि 109 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। हालांकि मंगलवार को सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं जिससे स्वास्थ्य विभाग को बड़ी राहत मिली है।
झांसी: अमर उजाला फाउंडेशन ने वितरित की जरूरतमंद लोगों को राशन किट
मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से डेढ़ सौ जरूरतमंद लोगों को राशन किट वितरित की गई। प्रत्येक किट में पांच किलो आटा, चावल, दाल, तेल, आलू, प्याज, मसाले थे। वितरण के दौरान सामाजिक दूरी का विशेष ख्याल रखा गया। साथ ही थर्मल थर्मामीटर से राशन किट लेने आए सभी लोगों की जांच की गई।
लॉकडाउन: मस्जिद के बाहर इकट्ठा हुए छह लोगों को दबोचा
सहारनपुर जनपद की बेहट थाना पुलिस ने मस्जिद के बाहर इकट्ठा हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि 8-10 लोग फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए एवं फरार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी वीरेश पाल गिरी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पाड़ली गांव में कुछ लोग मस्जिद के बाहर इकट्ठा हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 8-10 लोग फरार हो गए।
शिविर से 49 लोग भागे
अलीगढ़ के लोधा थाना क्षेत्र के गगन स्कूल में बनाए गए शिविर से सोमवार की रात सभी 49 लोग भाग निकले। यह दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद से यहां पहुंचे थे। पुलिस ने सभी को इस शिविर में रोका था। खास बात यह है कि स्कूल के दो चौकीदार समेत पुलिस का पहरा था, फिर भी यह लापरवाही हुई। भागे लोगों में अधिकतर बरेली औरंगाबाद, गोरखपुर, फर्रुखाबाद, आंबेडकरनगर, आजमगढ़ और फतेहपुर के निवासी थे। रात में यह सभी किस तरह और कैसे भागे यह कोई नहीं बता रहा। आज दिन में ढाई बजे तक स्कूल में सिर्फ दो चौकीदार ही थे।
