नई दिल्ली। दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के मुख्यालय में कई लोगों के कोरोना संक्रमित होने के बाद अब केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। सरकार ने तबलीगी जमात कार्यकर्ताओं के विदेश से भारत आने पर रोक लगा दी है। इन्हें फिलहाल पर्यटक वीजा नहीं मिलेगा। किसी भी विदेशी को भारत आकर तबलीगी गतिविधियों में शामिल होने की इजाजत नहीं होगी।
इसी के साथ गृह मंत्रालय ने वीजा के लिए आवेदन करने वाले तबलीगी कार्यकर्ताओं के भारत में रहने, वापसी का टिकट, उनके वित्तपोषण से जुड़ी सभी जानकारियां मांगी हैं। बता दें कि निजामुद्दीन मरकज में देश के कोने-कोने से इसके सदस्य तो आए ही थे, विदेशों से भी भारी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे।
गृह मंत्रालय ने कहा कि तबलीगी जमात के लोग पर्यटक वीजा पर ही भारत आते हैं। मंत्रालय ने पहले ही गाइडलाइंस जारी की है कि पर्यटक वीजा पर इन्हें किसी तरह के मिशनरी कार्य में शामिल होने की इजाजत नहीं होगी। पुलिस इस मामले में आगे की जांच करेगी और कार्रवाई करेगी।
मंत्रालय ने कहा कि अभीतक 1339 तबलीगी जमात कार्यकर्ताओं को दिल्ली के नरेला, सुल्तानपुर और बक्करवाला क्वारंटीन केंद्र में भेजा गया है। इसके अलावा इनमें से कुछ को एलएनजेपी, आरजीएसएस, जीटीबी, डीडीयू अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है।


