प्रयागराज में कोरोना पॉजिटिव 07 नए मरीज सामने आए
प्रयागराज। जिले में मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव 07 नए मरीज सामने आए। तीन शिफ्टों आई जांच रिपोर्ट के बाद इन 07 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए उनका उपचार शुरू कर दिया गया है। इन कोरोना मरीजों में 11 साल का बालक भी है। बालक को उसकी मां से संक्रमण हुआ है जो पहले से अस्पताल में भर्ती है।
जनपद के सोरांव निवासी 39 वर्षीय व्यक्ति के बारे में बताया गया है कि वह 16 मई को मुंबई से आया था। सैदाबाद निवासी 34 वर्षीय युवक 12 मई को मुंबई से लौटा था। धूमनगंज निवासी 51 वर्षीय व्यक्ति 19 मई को मुंबई से लौटा था। इन तीनों को कोटवा एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं सोरांव निवासी 11 वर्षीय बालक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह की पाली में जनपद के 40 और शाम की पाली में 17 लोगों की जांच रिपोर्ट आई। रात की शिफ्ट में आई जांच रिपोर्ट में सैदाबाद का एक 55 वर्षीय शख्स पॉजिटिव पाया। यह शख्स एक सप्ताह पहले मुंबई से आया था और चार दिन से कालिंदीपुरम स्थित क्वारंटीन सेंटर में था। मंगलवार रात रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे एसआरएन में भर्ती किया गया। इसी क्रम संक्रमित पाया गया हंडिया निवासी 43 वर्षीय युवक 16 मई को और मांडा निवासी 30 वर्षीय युवक 17 मई को मुंबई से लौटा था।
पुलिस ने वसूला जुर्माना
प्रयागराज। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए पुलिस ने अब जुर्माना वसूला भी शुरू कर दिया है। मंगलवार को कटरा बाजार में दुकानदार और ग्राहक समेत 70 लोगों से 100-100 रुपये जुर्माना वसूला गया। इससे पूर्व पुलिस मास्क न लगाने पर धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज करती थी।
सीओ कर्नलगंज सत्यम तिवारी ने बताया कि मंगलवार को एसीएम प्रथम गौरव रंजन और कर्नलगंज की पुलिस के साथ उन्होंने कटरा बाजार में गश्त किया। कुछ दुकानदारों ने बिना मास्क लगाए ही दुकान खोला था। माइक लेकर सभी दुकानदारों से अपील की गई कि जो भी व्यक्ति या ग्राहक बिना मास्क के उनकी दुकान पर जाता है तो उसे कोई सामान न बेचे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। नहीं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को जुर्माना करना शुरू किया। मास्क न लगानेवालों का पुलिस ने फोटो लिया और उसके बाद उनसे 100 जुर्माना वसूला। कर्नलगंज इंस्पेक्टर अरुण त्यागी ने बताया कि 70 लोगों से मास्क न लगाने पर जुर्माना किया गया। उन्हें रसीद दी गई और उनका हस्ताक्षर भी कराए गया। साक्ष्य के तौर पर पुलिस ने सभी के फोटो भी रखे हैं ताकि जरूरत पडऩे पर बता सकें कि मास्क न होने पर ही कार्रवाई की गई है। उन लोगों को यह भी बताया गया कि अगर दूसरी बार बिना मास्क के पकड़े गए तो 500 रुपया जुर्माना होगा। अभी तक पुलिस मास्क न होने पर व सिर्फ सोशल डिस्टेंस का पालन न करने के आरोप में धारा 188 का मुकदमा दर्ज करती थी। कुछ दिन पहले ही कटरा बाजार में अभियान चलाकर बिना मास्क के 201 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।



