Latest

उत्तर प्रदेश मौसम : आज भीषण गर्मी से मिल सकती है राहत, धूल भरी आंधी के साथ बारिश की संभावना

लखनऊ : देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच गर्मी के बढ़ते कहर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में है और सूरज से बरसती आग से लोग गरम थपेड़े सहने को मजबूर हैं। इसी बीच गुरुवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के दौरान गुरुवार को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के आसार हैं। लखनऊ और आसपास के इलाकों में भी गुरुवार को बादल छाए रहेंगे और आंधी के साथ बारिश भी हो सकती है। शुक्रवार व शनिवार को भी प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।

इससे पहले बुधवार को प्रदेश में गीष्म लहर का प्रकोप जारी रहा। इस दौरान प्रयागराज, बांदा और झांसी सबसे गरम स्थान रहे। इन तीनों जिलों में दिन का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कानपुर, इटावा, वाराणसी, हमीरपुर में 45 डिग्री सेल्सियस दिन तापमान रहा। अलीगढ़ और आगरा में दिन का तापमान 44 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

लखनऊ और आसपास के इलाकों में पारा-43 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दोपहर बाद इस पूरे क्षेत्र में बादलों ने डेरा डाल दिया। जिसकी वजह से तपन से थोड़ी राहत मिली। उधर, भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिणी-पश्चिमी मानसून की सक्रियता भी शुरू हो रही है। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के दक्षिणी हिस्से और बंगाल की खाड़ी में अगले दो दिनों में मानसून सक्रिय होने के आसार बन रहे हैं।

Related Articles

Back to top button