धर्माचार्यों ने धर्मादेश जारी कर भारत को “सनातन वैदिक हिन्दू राष्ट्र” घोषित कर दिया- शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। श्री काशी सुमेरु पीठाधीश्वर अनन्त श्री विभूषित पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती जी महाराज ने माघ मेला के खाक चौक में स्थित जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी कृष्णाचार्य जी महाराज के शिविर में आयोजित सन्त सम्मेलन में कहा कि धर्माचार्यों ने धर्मादेश जारी कर भारत को “सनातन वैदिक हिन्दू राष्ट्र” घोषित कर दिया है, अब भारत सरकार तत्काल संवैधानिक रूप से भारत को “सनातन वैदिक हिन्दू राष्ट्र ” घोषित करे | पूज्य शंकराचार्य जी महाराज ने कहा कि सन्तों का चिन्तन सदैव राष्ट्र के हित के लिए ही होता है, देश के लिए सन्तों के त्याग और बलिदान की एक गौरवशाली परम्परा रही है | प्रयागराज की पावन भूमि से सन्तों के चिन्तन एवम् मार्गदर्शन ने कई अनेकों स्वर्णिम इतिहास की रचना की है | इस सन्त सम्मेलन में ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानन्द सरस्वती जी महाराज, रसिक पीठाधीश्वर स्वामी जनमेजय शरण जी महाराज, जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी घनश्यामाचार्य जी महाराज, स्वामी बृजभूषणानन्द जी महाराज सहित हजारों सन्त एवम् श्रद्धालु उपस्थित थे |



