इविवि: शोध में दाखिले को जल्द शुरू होगा आवेदन
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में नए शैक्षिक सत्र 2020-21 में शोध में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरु की जा सकती है।
इविवि प्रशासन ने विभागों एवं कॉलेजों को पत्र लिखकर पीएचडी के लिए उपलब्ध सीटों का ब्यौरा मांगा है। अब तक सीएमपी डिग्री कॉलेज, ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज और श्यामा प्रसाद मुखर्जी डिग्री कॉलेज ने शोध के लिए रिक्त सीटों की संख्या प्रवेश प्रकोष्ठ को भेज दिया है।
ऐसे में प्रवेश प्रकोष्ठ 20 जून से संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने पर विचार कर रहा है। इस बार इविवि के विभागों से ज्यादा कॉलेजों में पीएचडी के लिए सीटें उपलब्ध हैं।
ज्ञात हो कि नए सत्र में दाखिले के लिए इस बार 25 मार्च से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करने की प्रक्रिया शुरु हुई। कोरोना वायरस के चलते छात्रों ने आवेदन प्रक्रिया का विरोध शुरु कर दिया। जिससे प्रवेश प्रकोष्ठ ने आवेदन प्रक्रिया को स्थगित कर दिया।
पुन: 10 मई से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किये जा रहे हैं। क्रेट के लिए आवेदन प्रक्रिया अभी नहीं शुरू हो सकी है क्योंकि विवाद के कारण कई विभागों में पिछले सत्र के दौरान पीएचडी सीटों पर प्रवेश नहीं हो सका था। हाल ही में वाणिज्य संकाय में चयनित छात्रों के दाखिले के लिए आदेश जारी किया गया है।
इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि क्रेट की तैयारी पूरी है। विभागों एवं कॉलेजों को पत्र लिखकर पीएचडी के सीटों की संख्या मांगी गई है। अब तक तीन कॉलेजों ने सीटों की संख्या दे दी है। इसके बाद विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि 20 जून से क्रेट के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो जाएगा।



