Prayagraj Corona Update: भाई-बहन सहित पांच कोरोना पाजिटिव

प्रयागराज। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को पांच नए मरीज मिले हैं। इनमें सगे भाई-बाहन भी शामिल हैं। कोविड 19 के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि शहर के बहादुरगंज स्थित जीटी रोड के रहने वाले व्यापारी 67 वर्षीय बुजुर्ग में कोरोना का संक्रमण मिला है। इसके अलावा हंडिया के बरौत मार्केट निवासी एक व्यक्ति की 11 साल की बेटी और नौ वर्षीय का बेटा कोरोना संक्रमित पाया गया है। पूरा परिवार मुंबई से लौटा था। मां-बाप की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। झूंसी के छतनाग रोड निवासी 41 वर्षीय युवक में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। वह कालिंदीपुरम में क्वारंटीन था।
डॉ. ऋषि सहाय के मुताबिक पांचवा मरीज सैदाबाद के चांदोपारा इलाके का रहने वाला है। 30 वर्षीय युवक 22 मई को मुंबई से लौटा था। उसे बुखार आ रहा था। कोरोना जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। कोविड के एल-1 अस्पताल कोटवा में शुक्रवार को तीन और कोरोना संक्रमित ठीक हो गए। देर शाम उन्हें डिस्चार्ज कर घर भेजा गया। इनमें दो पुरुष व एक महिला है। इसी तरह मेडिकल कॉलेज के लैब में हुई जांच में 295 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अलग अलग स्थानों से 280 संभावित मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें अधिकांश मुंबई से आने वाले लोग हैं। अब तक जनपद में 118 पाजिटिव केस मिल चुके हैं जिसमें 72 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। अभी 43 एक्टिव केस हैं।



