Latest

हाईकोर्ट बार का चुनाव एक दिसंबर को

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का वर्ष 2021-22 का व‌ार्षिक चुनाव एक दिसबंर को होगा। हाईकोर्ट ने एल्डर कमेटी के सदस्यों के नाम भी तय कर दिए हैं। उन्हें 18 अक्तूबर को आम सभा की बैठक बुलाकर चुनाव प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है।
मार्च 2019 के बाद बार के आम चुनाव कोरोना के कारण नहीं हो सके थे। इसे लेकर अधिवक्ता संतोष कुमार मिश्र व अन्य ने जनहित याचिका दाखिल की थी। याचिका में एल्डर कमेटी के चेयरमैन के पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता जीएस चतुर्वेदी की नियुक्ति को चुनौती दी गई थी। साथ ही चुनाव कराने की भी मांग की गई। मामले की सुनवाई कर रही कार्यवाहक मुख्य न्यायमूर्ति एमएन भंडारी एवं न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल की खंडपीठ ने याचियों और बार की कार्यकारणी को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने को कहा। कोर्ट के कहने पर दोनों पक्षों ने पांच-पांच वरिष्ठ अधिवक्ताओं की कमेटी बनाकर बैठक की लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। मामला फिर से कोर्ट में पहुंचने पर खंडपीठ ने कहा तो दोनों पक्षों से वरिष्ठ अधिवक्ता एनसी राजवंशी, टीपी सिंह, ओपी सिंह एवं अनिल तिवारी के नाम एल्डर कमेटी के लिए बताए ग जबकि चेयरमैन के लिए अपर सॉलिसिटर जनरल शशि प्रकाश सिंह का नाम खंडपीठ ने स्वयं तय किया। खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि यह कमेटी सिर्फ एक बार के लिए अपवाद स्वरूप गठित की गई है। कमेटी बार के नियम कायदों के अनुसार काम करेगी और चुनाव कराएगी। दोनों पक्षों की सहमति से आम सभा की बैठक के लिए 18 अक्तूबर की तारीख तय की गई है। कोर्ट ने यह भी कहा कि यह व्यवस्था मात्र इस वर्ष का चुनाव कराने के लिए की गई है। इस आदेश को भविष्य के लिए नजीर न बनाया जाए।
खंडपीठ ने कहा कि चुनाव प्रचार के लिए किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री हाईकोर्ट परिसर या शहर के किसी भी हिस्से में दीवारों पर न चस्पा या टांगी न जाए। जो भी प्रत्याशी ऐसा करता पाया जाएगा उसका नामांकन रद्द कर दिया जाएगा। खंडपीठ चुनाव प्रक्रिया की स्वयं निगरानी करेगी ताकि अपने निर्देशों का पालन सुनिश्चित कर सके।
तय कार्यक्रम के अनुसार 18 अक्तूबर को आम सभा की बैठक, 27 अक्तूबर को मतदाता सूची का प्रकाशन, एक नवंबर को आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन,10 से 12 नवंबर- मतपत्रों की बिक्री और नामांकन, 17 नवंबर को नाम वापसी,18 नवंबर को मतपत्रों की जांच, 22 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन और एक दिसंबर को मतदान होगा।

Related Articles

Back to top button