प्रयागराज: दो भाई समेत तीन कोरोना संक्रमित

राहतः संदिग्ध 300 प्रवासियों की रिपोर्ट आई निगेटिव
प्रयागराज। जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। गुरूवार को तीन और नये कोरोना पाॅजिटिव मामले सामने आए हैं।
इनमें दो मऊआइमा के सगे भाई जबकि तीसरा संक्रमित 15 वर्षीय किशोर है। मऊआइमा के कटरा दयाराम गांव निवासी 32 वर्षीय युवक हाल ही में अपने भाई (26 वर्ष) के साथ मुंबई से लौटा है। उन दोनों को होम क्वारेंटीन में रखा गया था। दोनों का सैम्पल जांच के लिए भेजा गया था। रिपोर्ट आई तो दोनो भाई संक्रमित पाए गए।
उधर, नैनी के चक मंडी का 15 वर्षीय किशोर भी कोरोना संक्रमित मिला है। उसकी मां एक स्वास्थ्य कर्मी है वह पहले से कोरोना पाॅजिटिव है और उसका इलाज कोटवा के एल-1 अस्पताल में चल रहा है।
इस बीच राहत भरी खबर यह है कि संदिग्ध लगभग 300 प्रवासियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उधर, सीएमओ ने सभी नर्सिंग होम संचालक एवं प्राइवेट अस्पतालों को निर्देशित किया है कि वह अस्पताल आने वाले सभी मरीजों की कोरोना जांच कराएं। उसकी रिपोर्ट आने तक मरीज को होम क्वारंटीन में रखें।
कोरोना को हराया पर हार गयी जिंदगी की जंग
प्रयागराज। खतरनारक कोरोना वायरस को मात देने के बाद भी करेली की 50 वर्षीय महिला जिंदगी की जंग हार गई। एसआरएन अस्पताल के कोरोना वार्ड में दस दिन रहने के बाद बुधवार को उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। महिला पहले से ही शुगर व बीपी की मरीज थी।
हृदय रोग की समस्या के साथ उसे इंफेक्शन की भी शिकायत थी। आगे के इलाज के लिए उसे मेडिसिन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गयी।




