उशिसे: हिन्दी और राजनीति विज्ञान की काउंसिलिंग जल्द

प्रयागराज। यदि सब कुछ सही रहा तो उच्चतर शिक्षा सेवा (उशिसे) आयोग एक-दो दिनों में हिन्दी और राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए चयनित अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर देगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में आ रही अड़चनें दूर कर ली हैं। प्रदेश के सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेजों में हिन्दी के 166 तथा राजनीति विज्ञान के 121 असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग मार्च में होनी थी लेकिन कोरोना संक्रमण व लॉकडाउन की वजह से काउंसिलिंग नहीं हो सकी।
उच्च शिक्षा निदेशालय ने मार्च माह में ही काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू कर अभ्यर्थियों से उनके मोबाइल नंबर की जानकारी ले ली थी। दरअसल, अभ्यर्थियों को ओटीपी और मैसेज उनके मोबाइल नंबर पर ही भेजे जाते हैं। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. वंदना शर्मा ने बताया कि हिन्दी और राजनीति विज्ञान विषयों की काउंसिलिंग प्राथमिकता में है। एनआईसी की सहमति से जल्द ही काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।



