प्रयागराज : कारोना के दो नये मामले, छह डिस्चार्ज

प्रयागराज। जिले में रविवार को दो कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए जबकि ठीक होने के बाद छह मरीज अस्पताल से डिस्चार्ज हो गये। निजी अस्पताल में किसी दूसरे मर्ज का इलाज कराने पहुंचा आठ माह का बच्चा भी कोरोना संक्रमित पाया गया। सल्लाहपुर निवासी आठ माह के इस बच्चे के आंत की सर्जरी होनी थी। आपरेशन से पहले कोरोना की जांच हुई तो रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। अब बच्चे के माता, पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का सैम्पल भी जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही निजी अस्पताल के संबंधित वार्ड को सील कर बच्चे के इलाज में शामिल स्टाफ का भी सैम्पल लिया जा रहा है।
वहीं शहर के निजी अस्पताल में इलाज करा रहे प्रतापगढ़ निवासी 56 वर्षीय शख्स की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। उधर, कोरोना संक्रमण से जूझ रहे छह लोगों को रविवार को दो अलग-अलग अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया। कोटवा एल-1 अस्पताल से पांच मरीज तथा एसआरएन अस्पताल से एक मरीज को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। वहीं रविवार को कुल 341 कोरोना संदिग्धों के सैम्पल जांच के लिए एकत्र किया गया जबकि पूर्व में एकत्र पांच सौ लोगों के सैम्पलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कोरोना से जिले में छठी मौत
प्रयागराज। कोरोना पॉजिटिव मामलों के साथ-साथ कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा है। रविवार को जिले में कोरोना संक्रमण से छठी मौत हुई। प्रतापगढ़ के कुंडा निवासी 51 वर्षीय महिला को शुगर, बीपी और सांस लेने की समस्या पर तीन दिन पूर्व शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में कोरोना पाजिटिव आने पर उन्हें एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां रविवार भोर में उनकी मौत हो गई।


