कोरोना: एक दिन में मिले सर्वाधिक दस मामले

प्रयागराज। जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को चार महिलाएं समेत कोरोना वायरस से संक्रमित कुल दस नए मामले मिले हैं।
इनमें सात मरीज दूसरे शहरों से लौटे हैं जबकि दो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज के सम्पर्क में आए थे। सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया है। एसआरएन में भर्ती एक मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया है।
कोविड 19 के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि शाहगंज के दोंदीपुर की 50 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव है। उसकी बेटी पहले से संक्रमित है।
झूंसी के मुंशी का पूरा का 28 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। वह दिल्ली से अपने भाई के साथ लौटा जो पहले से ही कोरोना संक्रमित है। इविवि के कोरोना संक्रमित शोधार्थी के सम्पर्क में आने से चैथम लाइंस निवासी 40 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव हो गया है।
दिल्ली से लौटा फूलपुर के लोचनगंज निवासी 22 वर्षीय युवक और नवाबगंज के लालगोपालगंज के 47 वर्षीय अधेड़ में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
अधेड़ की कोई ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। मुंबई से लौटी फूलपुर के सैदीह गांव की 27 वर्षीय महिला, गाजियाबाद से लौटे फूलपुर के सराय लली गांव के 25 वर्षीय युवक, दिल्ली से लौटी मेजा के कोहड़ार की 25 वर्षीय महिला और गुरुग्राम से लौटी झूंसी के सराय तकी की 26 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली। धूमनगंज के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मीरापट्टी की 28 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव है।


