प्रयागराज: स्कूल में क्वारन्टीन युवक ने लगाई फांसी
प्रयागराज। सोरांव थाना क्षेत्र के सेवइथ गांव स्थित स्कूल में क्वारंटाइन युवक मंगलवार सुबह फांसी के फंदे से लटकता मिला। युवक अपने मामा सेवइथ गांव निवासी सुरेश मौर्य भाजपा नेता हैं और जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।
उनकी बहन शिवकुमारी व भांजा दीपक मौर्य पुत्र स्व. आनन्द मौर्य पिछले कई साल उनके साथ ही रहते थे। दीपक की शादी नहीं हुई थी और कुछ समय पूर्व वह मुंबई में प्राइवेट काम करने चला गया था।
लॉकडाउन के दौरान लगभग 20 दिन पूर्व वह कुछ अन्य लोगों के साथ मुंबई से वापस घर आ गया। उसे पास के ही विद्यालय में अन्य लोगों के साथ क्वारेंटाइन करा दिया गया।
क्वारेंटाइन का समय पूरा होने पर अन्य युवक सोमवार को अपने घर चले गए। किंतु, दीपक मौर्य स्कूल में ही रहा। मंगलवार सुबह लोगों ने देखा कि दीपक का शव फांसी के फंदे से लटक रहा है।
सूचना पाकर कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। स्वजनों के किसी प्रकार की कार्रवाई करने से इंकार करने कर दिया, जिस पर पुलिस ने लिखापढ़ी कर शव को स्वजनों को सौंप दिया। लेकिन बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस के अनुसार मामला संदिग्ध होने की दशा में शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।



