इविवि: रजिस्ट्रेशन व फार्म जमा करने की रफ्तार सुस्त

प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में नए शैक्षिक सत्र में दाखिले के लिए आवेदन की रफ्तार धीमी है। अब तक सभी पाठ्यक्रमों के लिए 1,30,775 छात्रों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है।
इसमें अब तक 60,665 छात्रों ने फीस जमा कर फार्म अंतिम तौर पर सबमिट किया है। जबकि पिछले बार दाखिले के लिए 1 लाख 13 हजार छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। पिछले वर्ष की तुलना में अब तक आधे से कुछ अधिक ही आवेदन किया है जबकि आवेदन के लिए 30 जून अंतिम तिथि तय कर दिया गया है।
वहीं, बीएएलएलबी में सीटों के सापेक्ष लगभग 10 गुना छात्रों ने आवेदन किया है। इविवि और सीएमपी में 150-150 तथा एसएस खन्ना गल्र्स डिग्री कॉलेज और ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में 75-75सीटों पर दाखिला होगा।
यानी अबकी 450 सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे। बीएएलएलबी में प्रवेश के लिए अब तक 7170 ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया है।
इसमें से 4111 छात्र-छात्राओं ने फार्म जमाकर दिया है।
इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से बुधवार को जारी सूचना के अनुसार आईपीएस में 14,799, बीएलएलबी में 7170, एलएलबी में 11479, यूजीएटी में 62137, पीजीएटी में 27825, बीएड में 3295, एमएड में 710, एमबीए में 1067 और एलएलएम में 2243 ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया है।



