लोअर सबऑर्डिनेट परीक्षा पर भी सीबीआई की नजर

इलाहाबाद। लोअर सबऑर्डिनेट परीक्षा-2015 पर भी सीबीआई की नजर है।
आयोग के कम्प्यूटर में इस परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं वैसे इस परीक्षा को पास कर चुके अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 4 जनवरी से चल रहा है, जो 23 फरवरी तक चलेगा।
इस कारण इस परीक्षा से जुड़े अभ्यर्थी भी परेशान हैं। लोअर सबऑर्डिनेट की प्रारंभिक परीक्षा 17 जनवरी 2016 को हुई थी 23 फरवरी को परिणाम घोषित कर दिया गया।
24 अप्रैल को इलाहाबाद और लखनऊ में मुख्य परीक्षा हुई. लेकिन आयोग ने मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित करने में डेढ़ साल का वक्त ले लिया।
प्रश्न काफी पहले से उठ रहे थे कि प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट डेढ़ महीने से कम वक्त में ही घोषित कर दिया गया. प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट के बाद सिर्फ दो महीने का समय देकर मुख्य परीक्षा करवा ली गई, लेकिन मुख्य परीक्षा का रिजल्ट देने में डेढ़ साल का वक्त क्यों लिया गया ? सीबीआई इन्हीं सवालों का जवाब तलाशने के लिए इस परीक्षा की भी जांच कराने की तैयारी कर रही है.
आडियो भी खोल सकती है राज
कुछ प्रतियोगी छात्रों को ऐसी आडियो रिकार्डिंग मिली है जिसमें एपीओ 2015 के इंटरव्यू को लेकर आयोग के कर्मचारी और एक प्रतियोगी के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर बातचीत चल रही है. इसमें कुछ तत्कालीन सदस्यों के नाम का भी जिक्र है. सूत्रों के मुताबिक यह रिकार्डिंग दो मिनट की है. प्रतियोगी इस रिकार्डिंग को सीबीआई को देने जा रहे हैं.




