भारत का सबसे बड़ा दुश्मन चीन: रेवती
प्रयागराज। भारत की सम्प्रभुता व सीमा के लिए चीन सबसे बड़ा खतरा है जिससे लडऩे के लिए हर मोर्चे पर अच्छी और पूरी तैयारी करने की दरकार है। यह बातें राज्यसभा सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह ने कहीं।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में जिस तरह से चीन अपनी सैन्य गतिविधियां बढ़ा रहा है वह खतरनाक संकेत है। चीनी राष्ट्रपति संग झूला झूलने वाले पीएम नरेन्द्र मोदी की नीति विफल रही।
सीमा पर अभी तक 700 बार चीनी सैनिकों ने घुसपैठ की और अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, लद्दाख में काफी जमीन हड़प चुका है। सांसद रेवती रमण सिंह ने कहा कि लोकसभा में मुलायम सिंह यादव लगातार चीन से बढ़ते खतरों को लेकर आगाह करते रहे हैं पर केन्द्र की सरकारें पाकिस्तान जैसे छोटे देश तक खुद को उलझाए रखीं।
उन्होंने कहा कि चीन का रक्षा बजट भारत से तीन गुना ज्यादा है। वो टेक्नोलॉजी में भी हमसें आगे है। रक्षा बजट के साथ सैन्य क्षेत्र में उन्नत तकनीक विकसित करने की आवश्यकता है।
सांसद ने कहा कि आर्थिक और औद्योगिक क्षेत्र में भी चीन के समकक्ष आना होगा। कहा कि भारत ने जिस दिन मैनपावर (मजदूर) की हिम्मत, ताकत, क्षमता, सहनशीलता का सही इस्तेमाल कर लिया तब देश टॉप पर होगा। सपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता विनय कुशवाहा ने कहा कि नेपाल से भी अब संबंध मधुर नहीं रहे। वो भी अब आंखें तरेर रहा है। मांग की कि सेना के जवानों को इनकम टैक्स में छूट प्रदान की जाये।


