यूपी बोर्ड: हाईस्कूल, इंटर का रिजल्ट जारी
( विनय मिश्रा )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल (Class 10) और इंटरमीडिएट (Class 12) के छात्रों के रिजल्ट जारी कर दिए गए हैं। हाईस्कूल में 99.52 फीसदी और इंटरमीडिएट में 97.88 फीसदी छात्रों को सफल घोषित किया गया है। छात्र अब अपना रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइटों upmsp.edu.in और upresults.nic.in व यहां दिए डायरेक्ट लिंक से चेक कर सकते हैं। रिजल्ट अब वेबसाइट पर अपलोड किया जा चुका है।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल में छात्राओं का पास प्रतिशत बालकों से 0.03 फीसदी अधिक है जबकि इंटर में बालिकाओं का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में 0.93 फीसदी अधिक रहा।
जिन छात्रों का रिजल्ट चेक करने पर WITH-HELD शो करे वे अभ्यर्थी कुछ कारणों से असफल घोषित किए गए हैं। ऐसे परीक्षार्थियों के बारे में बोर्ड ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित किया गया है जो कि अनुपस्थित रहे हैँ या जिनके अभिलेख (प्रमाण पत्र) त्रुटिपूर्ण पाए गए हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के अध्यक्ष व शिक्षा निदेशक विनय कुमार पाण्डेय की ओर से बताया गया था 31 जुलाई 2021 को दोपहर बाद साढ़े तीन बजे रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
इस साल कोरोना महामारी के कारण यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं रद्द कर दी गई थी। ऐसे में छात्रों का रिजल्ट पूर्व की परीक्षाओं व आंतरिक मूल्यांकन से तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही ऐलान कर चुके हैं किसी भी छात्र को फेल नहीं किया जाएगा। जो छात्र अपने रिजल्ट से संतुष्ट नहीं होगा उसे परीक्षा में बैठने के लिए मौका भी दिया जाएगा। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा के लिए इस साल करीब 56 लाख छात्रों ने नामांकन कराया था। मोबाइल पर ऐसे चेक कर सकेंगे हाईस्कूल, इंटर का रिजल्ट मोबाइल पर रिजल्ट पाने के लिए यूपी बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in या upresults.nic.in पर जाएं।होम पेज पर दिख रहे Intermediate Exam Result 2021 या High School Exam Result 2021 के लिंक पर क्लिक करे। अब नया पेज खुलेगा जिसमें छात्र को अपना रोल नंबर/रजिस्ट्रे्शन नंबर दर्ज कर सब्मिट बटन दबाना होगा। अब रिजल्ट आपकी मोबाइल स्क्रीन पर दिखेगा, जिसे भविष्य की जरूरत के लिए सेव कर सकते हैं या प्रिंट आउट करा सकते हैं।


