श्री पथरचट्टी रामलीला कमेटी में नए-नए दृश्यों के साथ होगी लीला



इस बार 15 चौकियां निकलेंगी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। सूनेपन में बीते पिछले दो वर्षों के अंतराल के बाद इस वर्ष पूर्ववत दशहरा महोत्सव मनाए जाने का अवसर मिलने से प्रयागराज में लोगों के बीच अद्भुत उत्साह है । श्री पथरचट्टी रामलीला कमेटी अपनी पारंपरिक व्यवस्था में पूरे जोश से जुटी है। इसी क्रम में आज , शनिवार , 10 सितंबर को पथरचट्टी के 05 अक्टूबर को निकलने वाले रामदल में सभी चौकी निर्माण करने वाली संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित कर कमेटी ने उनके विचार सुने , और उन्हें अपने विचारों से भी अवगत कराया । रामदल संयोजक सतीश चंद्र केसरवानी की आहूत बैठक में लगभग 15 चौकी कमेटियों के लोग सम्मिलित रहे । कमेटी के प्रवक्ता और सह संयोजक लल्लूलाल गुप्त सौरभ ने उनसे आग्रह किया ,कि चौकियां केवल श्री राम के जीवन के प्रेरक प्रसंगों , भक्ति भाव से परिपूर्ण विषयों को ले कर यथा सम्भव बनाई जांय , ता कि जनमानस पर उसका अच्छा प्रभाव पड़े । राष्ट्रप्रेम के विषय पर भी चौकियां बनायी जा सकती हैं । सतीश चंद्र केसरवानी , संयोजक ने चौकियों के समय से दल में सम्मिलित किये जाने पर जोर देते हुए आग्रह किया , कि , संवाद वाले कैसेटों के संवाद और प्रदर्शन 2- 3 मिनट से अधिक के न हों , चौकी कमेटियां अनिवार्य रूप से , सख्ती से इस नियम का पालन सुनिश्चित करें । चौकी कमेटियों ने इस पर अपनी पूरी सहमति जताते हुए नियमों के पालन का आश्वासन दिया । सह संयोजक विजय वैश्य , और गोपाल जी केसरवानी ने भी समय की बाध्यता का पूरा ध्यान रखने का उनसे आग्रह किया । प्रारम्भ में चौकी निर्माता पदाधिकारियों ने पथरचट्टी कमेटी से अपनी व्यवहारिक कठिनाइयां बतायीं और आवश्यकतानुसार सहयोग देने का आग्रह किया ।


