Latest

नौ माह बाद शुरू हुई एसआरएन की ओपीडी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कोविड-19 के कारण मार्च से बंद स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल की ओपीडी अब चालू कर दी गई है। स्वास्थ्य महानिदेशालय के आदेश के बाद अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी को सीमित रूप में ही चलाने की व्यवस्था बनाई है। मंगलवार से सर्जिकल विभाग की ओपीडी भी शुरू कर दी गई।

हालांकि पर्चे बनाए जाने की रफ्तार को धीमा रखा गया है ताकि विभाग में डॉक्टरों के पास मरीजों की तादाद अधिक न हो सके। फिर भी मंगलवार को करीब डेढ़ हजार मरीज इलाज ओपीडी में पहुंचे।

एसआरएन परिसर में लेवल थ्री स्तर का सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक यानी कोविड अस्पताल भी है। इस कारण यहां अभी तक ओपीडी नहीं चलाई जा रही थी। संक्रमण कुछ कम हुआ है और जनसामान्य की सभी दैनिक गतिविधियां पटरी पर लौटने लगी हैं तो एसआरएन की ओपीडी शुरू करने के लिए स्वास्थ्य महानिदेशालय से आदेश हुए। सप्ताह भर पहले ईएनटी (नाक, कान, गला रोग) की ओपीडी शुरू हुई तो मरीज भी आने लगे। इसके बाद गाइनी और अन्य विभाग भी चालू हुए।
मंगलवार से सर्जिकल विभाग की ओपीडी भी शुरू हो गई। मोती लाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि अभी सीमित रूप में ओपीडी का संचालन किया जा रहा है। सभी डॉक्टर बैठ रहे हैं। कोरोनाकाल चल रहा है और अस्पताल में लोगों की भीड़ बढ़ाना ठीक नहीं है इसलिए व्यवस्थाएं उसी अनुसार बनाई गई हैं।

Related Articles

Back to top button