प्रदेश

बेटी को तेंदुए के जबड़े से खींच लाई मां, बोली- यमराज भी होते तो लड़ जाती

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बुधवार को एक मां अपनी बेटी को बचाने के लिए आदमखोर तेंदुए से भिड़ गई.  15 मिनट संघर्ष के बाद मां ने बेटी की जान बचाई. दरअसल मां-बेटी खेत की ओर जा रही थी, तभी गन्ने के खेत से निकलकर तेंदुए ने बेटी पर हमला कर दिया. तेंदुआ बेटी को जबड़े में दबाकर भागने लगा. बेटी को तेंदुए के जबड़े में फंसा देख मां कांप गई. लेकिन अगले ही पल हिम्मत जुटा कर तेंदुए से भिड़ गई. मां की हिम्मत आगे तेंदुआ टिक न सका और मासूम को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया. हालांकि इस हमले में बेटी की की हालत गंभीर है. तेंदुए से संघर्ष में मां भी जख्मी हुई है.

कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र अंतर्गत निशानगाड़ा रेंज रमपुरवा बनकटी गांव निवासी अरविंद कुमार गौतम के घर बुधवार को मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन था. इस कार्यक्रम में उसके रिश्तेदार मऊ जिला के मांगी द्वारिकाघाट निवासी कल्पूराम की पत्नी सिंधू, बेटी खुशबू (12) के साथ आई थी.

बुधवार सुबह दोनों खेत जा रही थी, तभी मां से कुछ दूरी पर चल रही खुशबू पर तेंदुए ने हमला कर दिया. बेटी को तेंदुए के जबड़े में देख मां पल भर को कांप गई. फिर वह तेंदुए पर झपट पड़ी. शोर मचाते हुए पास में पड़े सूखे गन्ने से तेंदुए का सामना किया.

15 मिनट तक सिंधू और तेंदुए में संघर्ष हुआ. जिसके बाद तेंदुआ खुशबू को छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया. तब तक गांव के लोग भी शोर मचाते हुए हुए मौके पर आ गए. तत्काल रेंज कार्यालय को सूचना दी गई, लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा. लहूलुहान खुशबू को ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button