तय होगा बगैर परीक्षा प्रोन्नत करने का फॉर्मूला

प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) । विश्वविद्यालय में वार्षिक एवं सेमेस्टर परीक्षा नहीं होने से नये शैक्षिक सत्र के समय से शुरू होने के आसार बनते नजर आ रहे हैं। केन्द्र सरकार की ओर से जारी अनलॉक-2 के गाइड लाइन के अनुसार 31 जुलाई तक विश्वविद्यालय में शिक्षण कार्य बंद रहेंगे। ऐसे में नया सत्र प्रभावित होना लाजिमी था। उधर, प्रदेश सरकार की ओर से गुरुवार को बिना परीक्षा प्रोन्नत किए जाने का फार्मूला निर्धारित होने के आसार हैं।
ज्ञात हो कि कोरोना के चलते पीआरएसयू की 17 मार्च से होने वाली वार्षिक परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। ऐसे में अटकी परीक्षाओं के चलते नया सत्र बेपटरी होना तय था लेकिन प्रो. एनके तनेजा की अध्यक्षता में गठित कमेटी की रिपोर्ट के शासन से सहमति मिलते ही संकट कट गया। अब विश्वविद्यालयों को फॉर्मूले का इंतजार है। फॉर्मूला तय होते ही विश्वविद्यालय अधिकतम दो हफ्ते में रिजल्ट जारी कर देंगे। अब दो जुलाई को प्रोन्नति का फॉर्मूला तय होने की उम्मीद है। इसके बाद विवि 15 दिनों में रिजल्ट जारी कर देंगे। यानी 17 जुलाई तक छात्र प्रमोट हो सकेंगे। इसके बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीद है कि अगस्त से नया सत्र शुरू हो सके। यदि परीक्षाएं होती तो नया सत्र अक्टूबर तक जाने की उम्मीद थी। विश्वविद्यालय के कार्यवाहक परीक्षा नियंत्रक प्रभाष द्विवेदी ने कहा कि शासन की ओर से गाइडलाइन का इंतजार किया जा रहा है। उसके अनुरूप परीक्षार्थियों को प्रोन्नत कर दिया जाएगा।
