हवा हवाई साबित हो रहा बेहतर नेटवर्क का वादा

लोगो को रुला रही मोबाइल नेटवर्क की समस्या
कोराव,प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। वर्तमान समय में लगभग 2 महीने से क्षेत्र में मोबाइल कंपनियों की नेटवर्किंग व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है जिसके चलते लोग एक दूसरे से संपर्क स्थापित करने में काफी परेशानी का सामना कर रहे हैं ।हैरत की बात यह है कि किसी भी कंपनी का नेटवर्क सही तरीके से काम करता नहीं दिख रहा है जिसकी वजह से लोग काफी परेशान हैं। चाहे एयरटेल ,वोडाफोन या जिओ कंपनी का नेटवर्क हो सब की हालत एक जैसी हो गई है ।हालांकि भारत संचार निगम लिमिटेड तो बीते कई सालों से अव्यवस्था की भेंट चढ़ा हुआ है जिससे उस कंपनी के उपभोक्ता तो नेटवर्क के लिए तरसते रहते हैं लेकिन जो कंपनियां अपने को बहुत मजबूत एवं बेहतर नेटवर्क देने का वादा लगातार करती रहती हैं उनके नेटवर्क की हालत इतनी खराब है कि लोगों को एक दूसरे से बात करने में कई बार प्रयास करना पड़ता है। इसके अलावा फोन पर बात करते समय काल ड्राप की समस्या भी काफी तेजी से देखी जा रही है जिसके चलते मोबाइल उपभोक्ताओं में मोबाइल कंपनियों के नेटवर्क की समस्या को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि लोगों की इस समस्या को सुनने वाला कोई नहीं है लोग शिकायत करें तो किस से करे स्थानीय लोगों ने जिम्मेदारों का ध्यान उक्त समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए सुधार की मांग की है।




