Latest

पूर्व विधायक व उनके बेटे पर FIR दर्ज

भाजपा नेता ने लगाए जान से मरने की धमकी देने का आरोप

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। भाजपा महानगर महामंत्री मयंक यादव की शिकायत पर सपा के एक पूर्व विधायक और उनके बेटे के खिलाफ नैनी कोतवाली में एफआईआर दर्ज हुई है। चक रघुनाथ मोहल्ले में रहने वाले भाजपा नेता मयंक यादव का आरोप है कि अरैल उपरहार मौजे में उनकी मां मीरा यादव के नाम से एक प्लाट है। जिस पर वह शनिवार को अपने पिता राजकुमार यादव के साथ निर्माण कार्य करा रहे थे। आरोप है कि निर्माणकार्य के दौरान वहां पूर्व सपा विधायक सईद अहमद का बेटा कबीर दर्जनों लोगों के साथ असलहों से लैस होकर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए काम बंद करा दिया।
मयंक के अनुसार कबीर ने कहा कि अगर दोबारा काम लगाया तो पिता-पुत्र दोनों की हत्या कर दी जाएगी। मयंक के अनुसार दो दिन पूर्व भी सपा के पूर्व विधायक ने उन्हें धमकी दी थी। इंस्पेक्टर नैनी राजकिशोर ने बताया कि मयंक यादव की तहरीर पर पूर्व विधायक और उनके बेटे पर एफआईआर दर्ज की गई है।

Related Articles

Back to top button