बढ़ रहा गंगा और यमुना का जलस्तर

कछारी क्षेत्र में रहने वालों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । थोड़े ठहराव के बाद एक बार फिर गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़ने लगा है। इससे कछारी क्षेत्र में रहने वालों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस सप्ताह गंगा और यमुना का जलस्तर एकसाथ बढ़ेगा। कानपुर बैराज से गंगा में नियमित लगभग ढाई लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश का पानी भी यमुना के मार्फत संगम तक पहुंच रहा है।
फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 80.35 मीटर, छतनाग में गंगा का जलस्तर 79.28 मीटर जबकि नैनी में यमुना का जलस्तर 79.91 मीटर रिकार्ड किया गया। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से गंगा के कछारी इलाके प्रभावित होते हैं। गंगा का तीन चैथाई कछार भर गया है। अब यमुना में आ रहा बैराज और सहायक नदियों का पानी मुश्किलें खड़ी कर सकता है। इससे गंगा-यमुना का जलस्तर 82 मीटर तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है। 82 मीटर जलस्तर पहुंचने पर गंगा के कछारी इलाकों में समस्या बढ़ेगी।


