248 महिला व दिव्यांग शिक्षकों को स्कूल आवंटन
खंड शिक्षाधिकारी नवनियुक्त शिक्षकों को ग्रहण कराएंगे कार्यभार
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 69,000 सहायक अध्यापक भर्ती के प्रथम चरण के 31,277 शिक्षकों की नियुक्ति के क्रम में जिले में 248 महिला व दिव्यांग शिक्षकों को स्कूल आवंटन शनिवार को जारी किया गया। सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय मम्फोर्डगंज में विद्यालय आवंटन पत्र बांटा गया।
तकरीबन 600 सामान्य पुरुष शिक्षकों के विद्यालय आवंटन का कार्य रोस्टर के अनुसार राज्य स्तर पर किया जाएगा। आदेश प्राप्त होने पर बीएसए कार्यालय में डाउनलोड कर पुरुष शिक्षकों को बुलाकर वितरित किया जाएगा। 3 नवंबर तक इन सभी शिक्षकों को विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करना है।
खंड शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि सोमवार को सुबह 9 बजे से अपने कार्यालय में उपस्थित होकर 3 नवंबर तक नवनियुक्त शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को कार्यभार ग्रहण कराएं। विद्यालय आवंटन पत्र का वितरण खंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन सिंह की देखरेख में हुआ। सुरेश शर्मा एवं सुरेश पटेल ने सहयोग किया।


