जमानत पर छूटे हत्यारोपी को मारी गोली चार माह पहले जमानत पर नैनी जेल से आया था बाहर
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। अधिवक्ता इदरीश हत्याकांड में गिरफ्तारी के बाद चार माह पहले ही जमानत पर जेल से छूटे आरोपित 22 वर्षीय कामरान को मंगलवार रात चकिया इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। कंधे में गोली लगते ही कामरान जमीन पर गिर पड़ा तो हमलावर भाग निकले। जख्मी कामरान को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अभियुक्तों की तलाश में दबिश दे रही है। देर रात तक जगह-जगह छापेमारी की जा रही थी।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के चकिया कसारी-मसारी मुहल्ले में रहने वाले कामिल के बेटे कामरान को बीते साल अधिवक्ता इदरीश की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। करीब चार माह पहले वह जमानत पर नैनी सेंट्रल जेल से बाहर आया है। बताया गया कि कामरान मंगलवार रात मुहल्ले के एक पार्क में किसी काम से गया था। आरोप है कि कामरान पार्क से निकलकर पैदल घर जा रहा था, तभी रास्ते में बाइक से आए तीन बदमाशों ने फायरिंग की। पहली गोली नहीं लगी तो बदमाशों ने नजदीक आकर फायरिंग की। बाएं कंधे पर गोली लगते ही बदमाश धमकी देते हुए भाग निकले। गोली मारने वालों में एक शख्स नीले रंग की जैकेट पहना हुआ था। घटना का कारण अभी साफ नहीं हो सका है, लेकिन चोरी के विवाद में घटना हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए हमलावरों की तलाश चल रही है।



