माघ मेला: वेबसाइट पर कल्पवासियों के नाम, विदेश से आने वाले पर्यटकों की तर्ज पर तैयार होगी सूची

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। संगम तीरे माघ मेला में आने वाले कल्पवासियों की सूची इस बार मेले की वेबसाइट पर अपलोड होगी। प्रयागराज जिला प्रशासन की ओर से यह जानकारी अपर मुख्य सचिव चिकित्सा-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित मोहन प्रसाद को दी गई। सूची ठीक वैसे ही तैयार होगी जैसे विदेश से आने वाले लोगों की तैयार होती है। इसका उद्देश्य है कि प्रयागराज में आने वाले कल्पवासी जब लौटें तो उनकी सूची वहां के स्वास्थ्य विभाग को दी जा सके।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा-स्वास्थ्य ने अधिकारियों के साथ बैठक की और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि इस बार मेले में प्रवेश के 16 द्वार होंगे। सभी जगह पर कोरोना की जांच का बंदोबस्त कराया जा रहा है। मेले में 20 बेड के दो बड़े अस्पताल होंगे। जहां 24 घंटे उपचार की व्यवस्था होगी। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि कल्पवासियों की सूची अपलोड की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि एसआरएन, डफरिन में अलग से कोविड वार्ड बनाकर बेड रखा जाएंगे। जिससे मरीज मिलने पर तत्काल उन्हें वहां पर शिफ्ट किया जा सके। मेले में इस बार 40 एम्बुलेंस रखी जाएगी। इसके साथ ही कुछ एम्बुलेंस केवल कोरोना मरीजों को लाने और ले जाने के लिए आरक्षित होगी।




