गत विजेता दिल्ली को हराकर मेरठ फाइनल में

ऑल इंडिया रिजवी कप में हर्ष, शिवम, विशाल चमके
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। हर्ष त्यागी (81 रन, 90 गेंद, आठ चौके, एक छक्का), शिवम बंसल (79 रन, 67 गेंद, छह चौके, चार छक्के) के अर्धशतक एवं विशाल ठाकुर की उम्दा गेंदबाजी (4/57) से मेरठ क्रिकेट एसोसिएशन ने गत विजेता प्लेमेकर क्रिकेट अकादमी दिल्ली को 27 रन से हराकर ऑल इंडिया साकिब एवं आबिस रिज़वी क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया। पराजित टीम के शिवम सिंह का शतक (104 रन, 88 गेंद, 14 चौके, तीन छक्के) अर्थहीन सिद्ध हुआ।
डॉ. एएच रिज़वी कालेज मैदान पर मंगलवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में मेरठ ने 40 ओवर में 8 विकेट पर 288 रन (हर्ष त्यागी 81, शिवम बंसल 79, रितुराज शर्मा 45, यशजीत व रवि तेवतिया तीन-तीन विकेट) बनाये।
जवाब में दिल्ली की टीम ने 39.5 ओवर में 261 रन (शिवम सिंह 104, धीरज चौधरी 48, शांतनु 40, हितेश 25, विशाल ठाकुर 4/57, विजय 3/42, प्रशांत चौधरी 2/47) ही बना सकी। हर्ष त्यागी को रिज़वी एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव राशिद रिज़वी ने मैन ऑफ दि मैच का पुरस्कार दिया। मैच में अकबर अली एवं शिशिर मेहरोत्रा ने अंपायरिंग और अखिलेश त्रिपाठी व प्रितेश सोनकर ने स्कोरिंग की।



