देश के प्रमुख शहरों में प्रयागराज को 32वीं रैंक

नगरीय सुविधाओं के मामले में शहर को 37वां स्थान
( अनंत पांडे )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। स्मार्ट सिटी बनने के बाद वर्ष 2020 में देश के प्रमुख 111 रहने लायक शहरों की रैंकिंग में प्रयागराज को 32वां स्थान मिला है। बंगलुरू इसमें पहले नंबर पर है। तीसरी बार यह रैकिंग जारी की गई है। खास बात यह है कि पहली बार जनता का फीडबैक भी लिया गया है। वहीं, नगरीय सुविधाओं के मामले में प्रयागराज को 37वां स्थान मिला है। वर्ष 2019 में किए गए सर्वे में प्रयागराज को 96वां स्थान मिला था। स्मार्ट सिटी की प्रतिवर्ष जीवनस्तर अर्थात रहन-सहन के आधार पर सर्वे कर रैकिंग जारी की जाती है। इसमें लोगों से फीडबैक लिया गया और पुलिस ने भी अपनी रिपोर्ट दी। इस बार प्रयागराज को 100 में से 53.29 अंक मिले हैं। इस आधार पर शहर को 32वां स्थान मिला है। जबकि बंगलुरू को 66.70 अंक मिले हैं और वह पहले पायदान पर रहा। पुणे ने 66.27 अंक पाकर दूसरा व अहमदाबाद ने 64.87 अंक हासिल करके तीसरा स्थान पाया है। इसके अलावा लखनऊ 55.15 अंक के साथ 26वें स्थान, वाराणसी 54.67 अंक के साथ 27वें और कानपुर 54.43 अंक के साथ 28वें स्थान पर रहा।
उधर, नगरीय सुविधाओं के आधार पर (म्यूसिंपल परफॉर्मेंस इंडेक्स-2020) भी रैंकिंग जारी की गई। प्रयागराज को 42.91 अंक मिले और 37वें स्थान पर संतोष करना पड़ा। जबकि इंदौर को 66.8 अंक के साथ पहली रैंक मिली है। सूरत को 60.82 अंक मिले और वह दूसरे पायदान पर रहा। 59.04 अंक के साथ भोपाल को तीसरी रैंक मिली है। इसके अलावा लखनऊ को 44.76 अंक के साथ 33वीं रैंक मिली और कानपुर को 43.65 अंक के साथ 36वीं रैंक मिली।
आर्थिक समृद्धि में पिछड़ा शहर
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। स्मार्ट सिटी के शहरों की जो रैंकिंग जारी की गई है, उसमें प्रयागराज भले ही 32वें स्थान पर आया हो, लेकिन बुजुर्गों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने में इसको 46वीं रैंक मिली है। वहीं, आर्थिक समृद्धि यानी कि रोजगारपरक व्यवस्थाओं में 45वीं रैंक मिली है। महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने कहा कि आने वाले कुछ वर्षों में प्रयागराज टॉप टेन श्रेणी में होगा। जो खामियां रह गईं हैं, उसे दूर किया जाएगा। रोजगार मुहैया कराने और बुजुर्गों की सहूलियत पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर निगम के अधिशासी अभियंता आशीष त्रिवेदी का कहना है कि ओवरऑल रैंकिंग में प्रयागराज का बेहतर प्रदर्शन है। आने वाले समय में इसमें और सुधार किया जाएगा। कुछ स्थानों पर कमी आई है। उसे भी पूरा कर लिया जाएगा।


