Latest

सावन के चौथे सोमवार शिवाला में गूंज रहा था हर हर महादेव

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। सावन का चौथा सोमवार आज है। चौथे सोमवार को साध्य का दुर्लभ संयोग है। आचार्य सोनू जी महाराज बताते हैं कि सोमवार को सप्तमी व अष्टमी दोनों तिथियों का संयोग है। चित्रा नक्षत्र, साध्य योग व वणिज करण विद्यमान रहेंगे। सुबह 8.58 बजे से भद्रा लग जाएगी। जो शाम 7.45 बजे तक रहेगी। भद्रा तुला राशि नाग लोक में लगेगी जो अत्यंत कल्याणकारी है। इसमें व्रत व शिव स्तुति से राजनीतिक उत्थान, उन्नति, धन, यश-कीर्ति में वृद्धि होगी। साथ ही भूमि, भवन व वाहन की प्राप्ति होगी।
सावन के चौथे सोमवार के पवित्र दिन में शिव का ध्यान, दर्शन, पूजन, भजन व अभिषेक करने वाले भक्तों को मनोवांछित फल की प्राप्ति होगी। विद्वानों के अनुसार स्नान के बाद पुरुषों को ‘ओम नम: शिवाय’ व महिलाओं को ‘नम: शिवाय’ का मन में जप करना चाहिए। किसी सिद्ध शिवालय में शिवलिंग का दर्शन-पूजन करने के बाद अन्न व जल ग्रहण करना चाहिए। शिव मंदिरों में सुबह से ही पूजन और अर्चन के साथ भगवान शिव के दर्शन को भक्‍त जुटने लगे हैं।

मंदिरों में फिजिकल डिस्‍टेंसिंग का पालन हो रहा

कोरोना संक्रमण को देखते हुए शिवालयों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मंदिरों में फिजिकल डिस्‍टेंसिंग का पालन किया जा रहा है। मंदिरों के मुख्‍य द्वार पर सैनिटाइजर व थर्मल स्क्रीनिंग का प्रबंध किया गया है। मास्क लगाने वाले श्रद्धालु को ही मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है। मनकामेश्वर, गंगोली शिवालय, शिव कचहरी शिवालय, पंचमुखी, भोले गिरि, तक्षकतीर्थ बड़ा शिवालय, मुकुंदेश्वरनाथ महादेव सहित हर शिवालय में भक्तों को दूर से दर्शन की अनुमति है। भक्‍त खुद जागरूक हैं, वह गाइडलाइन का पालन करके भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button