Latest

भानपुर के शक्ति पीठ में भगवान शिव के महाभिषेक में पधारे शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती जी महाराज

जौनपुर (अनुराग दर्शन समाचार )। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जौनपुर जिलान्तर्गत भानपुर के शक्ति पीठ में आयोजित शिव बारात एवम् भगवान शिव के महाभिषेक में पधारे श्री काशी सुमेरु पीठाधीश्वर यति सम्राट अनन्त श्री विभूषित पूज्य जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती जी महाराज का भव्य स्वागत एवम् पूरे वैदिक विधान से विश्वगुरू स्वामी करुणानन्द सरस्वती जी महाराज ने पूजन किया।

हाथी, घोड़े, रथों तथा बैण्ड बाजे के साथ निकली शिव बारात की शोभायात्रा में क्षेत्रीय सनातन धर्मावलम्बी श्रद्धालुओं एवम् शिवभक्तों का समूह उमड़ पड़ा। लोग पूरी शोभायात्रा में बैण्ड-बाजों की धुन पर नाचते गाते एवम् हर-हर महादेव के नारे लगाते चल रहे थे। शोभायात्रा के पश्चात् भगवान शिव का भव्य अभिषेक सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर पूज्य शंकराचार्य भगवान ने उपस्थित सनातन धर्मावलम्बी श्रद्धालुओं एवम् शिवभक्तों को अपना आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि भगवान शिव कल्याण के देवता हैं, उनकी कृपा सभी पर अनवरत बनी रहे।
भगवान शिव अपने भक्तों को शक्ति और सामर्थ्य प्रदान करें ,ताकि सनातन धर्म के द्रोहियों का समूल उन्मूलन सुनिश्चित हो सके, तथा भारत को वैदिक सनातन राष्ट्र बनाया जा सके। इस अवसर पर स्वामी इन्द्रदेव आश्रम जी महाराज, स्वामी परमेश्वरानन्द जी महाराज, ब्रह्मचारी स्वामी बृजभूषणानन्द जी महाराज, स्वामी सत्यानन्द जी महाराज आचार्य नन्द किशोर जी सहित हजारों गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button