कोरोना: 73 दिन बाद टूटा मौत का सिलसिला, 22 पॉजिटिव
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से जूझ रहे प्रयागराज के लिए शनिवार का दिन राहत भरा रहा। 24 मार्च के बाद जिले में एक भी मौत कोरोना के कारण नहीं हुई। आशय यह है कि संक्रमण से होने वाली मौत का सिलसिला 72 दिन बाद थम गया। लंबे समय बाद जिले के लोगों को इससे सुकून मिला है। वहीं 24 घंटे के अंतराल में 22 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं।
दूसरी लहर का कहर का इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि 30 अप्रैल को जिले में 25 लोगों की जान कोरोना से हुई थी। कई दिन तो मौत का ग्राफ एक दर्जन से अधिक रहा। इससे हर कोई बड़े खतरे को लेकर भयभीत रहा। वहीं 48 मरीजों ने कोरोना को मात दी। दो मरीजों को अलग-अलग अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। वहीं 46 का होम आइसोलेशन पूरा हुआ। स्वास्थ्य विभाग ने 8832 लोगों की जांच कराई। कोविड के नोडल डॉ ऋषि सहाय के अनुसार, लंबे समय बाद मौत का सिलसिला थमा है। यह प्रयागराज के लोगों के लिए बड़ी खुशी की बात है। इस दौरान छह सौ से अधिक लोगों की जान कोरोना ने ले ली। कोरोना संक्रमण को खत्म करने के लिए लापरवाही से दूर रहना है।




