7 जुलाई से फिर शुरू होगा प्राचार्य भर्ती का साक्षात्कार

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना और पंचायत चुनाव के कारण स्थगित अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में प्राचार्य भर्ती के साक्षात्कार की नई तारीखें उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने मंगलवार को घोषित कर दी। 11 जून को हुई आयोग की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार सचिव वंदना त्रिपाठी ने 7 से 24 जुलाई तक का साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिया है।
इस बीच 10, 11, 18 व 21 जुलाई को साक्षात्कार नहीं होगा। इंटरव्यू के लिए तारीखवार आमंत्रित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। साक्षात्कार से पहले दस्तावेज सत्यापन 21 जून से 16 जुलाई तक होगा। सत्यापन के लिए तारीखवार बुलाए गए अभ्यर्थियों का विवरण भी पोर्टल पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को सत्यापन तिथि से तीन दिन पूर्व की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट के साथ 10:30 बजे उपस्थित होना है।
मूल अभिलेखों के सत्यापन के समय आयोग में मास्क एवं फेसशील्ड के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कोविड की गाइडलाइन का पालन न करने या कोरोना संक्रमण छिपाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य के 290 पदों पर भर्ती के लिए 610 अभ्यर्थी अर्ह पाए गए थे। 20 मार्च से शुरू हुए साक्षात्कार 9 अप्रैल तक कराए गए थे। लेकिन इसके बाद पंचायत चुनाव और कोरोना के कारण टाल दिए गए थे।




