Latestइलाहाबाद समाचार

उन्नाव रेप कांडः सीतापुर जेल में शिफ्ट किया गया आरोपी MLA कुलदीप सिंह सेंगर

इलाहाबाद। किशोरी से दुष्कर्म और उसके पिता की हत्या में आरोपी उन्नाव के बांगरमऊ से बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को मंगलवार को उन्नाव जेल से सीतापुर जेल शिफ्ट किया गया है. सेंगर के साथ सह आरोपी शशि सिंह को सीतापुर जेल शिफ्ट किया गया है. दरअसल, रेप पीड़िता ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में सेंगर को उन्नाव जेल से शिफ्ट करने की गुहार लगाई थी. मंगलवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच सेंगर को शिफ्ट किया गया. उन्नाव जेल के जेलर ने इसकी पुष्टि कर दी है.

इससे पहले, गत बुधवार को पीड़िता के चाचा ने हाईकोर्ट में मामले की चल रही सुनवाई के दौरान कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखा. पीड़िता के चाचा ने सीबीआई की जांच पर भरोसा जताते हुए हाईकोर्ट से न्याय की उम्मीद जताई थी. हालांकि उन्होंने रेप और हत्या में शामिल आरोपियों के अभी भी खुलेआम घूमने और पुलिस प्रशासन के रवैये पर सवाल खड़े किया था. इसके साथ ही उन्होंने उनके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले टिंकू सिंह का पता लगाने की भी मांग की थी.

यही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में आरोपी बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के उन्नाव जेल में दरबार लगा रहे हैं और उनके समर्थकों द्वारा गांव के लोगों को डराया धमकाया भी जा रहा है. रेप पीड़िता के चाचा ने मुकदमे की सुनवाई दिल्ली ट्रांसफर किए जाने की भी मांग की है.

उधर, मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल जनहित याचिका पर बुधवार को सुनवाई हुई. सीबीआई ने विवेचना की प्रगति रिपोर्ट सील बन्द लिफाफे में अदालत में पेश किया. कोर्ट ने सीबीआई की धीमी जांच पर नाराजगी जताते हुए प्रगति रिपोर्ट देखने के बाद उसे सीबीआई को वापस कर दिया.

वहीं, उन्नाव रेप मामले में रेप पीड़िता की मां ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर अपने पति के खिलाफ आर्म्स एक्ट में फर्जी एफआईआर दर्ज कराने वाले टिंकू सिंह के लापता होने के मामले भी जांच की मांग की है. रेप पीड़िता की मां ने कोर्ट से मांग की है कि सीबीआई इस बात का पता लगाए कि टिंकू सिंह को गायब करने के पीछे किन लोगों का हाथ है. मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सीबीआई को इस मामले की विवेचना को लेकर कई निर्देश दिए हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button