दुर्घटना में तीन मजदूर घायल, दो की हालत गंभीर
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। करेली थानाक्षेत्र के करामात चौकी क्षेत्र में मंगलवार को एक दुर्घटना में तीन मजदूर घायल हो गए। दो को गंभीर चोट आई है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक माल वाहक गाड़ी डीसीएम मार्बल लादकर कहीं जा रही थी। गाड़ी में ही तीन मजदूर भी बैठे थे। रास्ते में करामत चौकी के समीप गाड़ी को बैक करते समय संतुलन बिगड़ने से एक तरफ खड़ी मार्बल दूसरी तरफ बैठे मजदूरों पर पलट गई जिससे तीनों उसके नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर मजदूरों को बचाने के लिए आस-पास मौजूद लोग भाग कर मौके पर पहुंचे और मार्बल को तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। कुछ ही देर में करेली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। गंभीर चोट आने के कारण दो मजदूरों मुंडा और भुअर की हालत खराब थी इसलिए उन्हें तत्काल पुलिस जीप से अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। तीसरे मजदूर को हल्की चोटें आई हैं।




