इविवि: किताबें नहीं लौटाने पर पूर्व कुलपति की पेंशन रुकी

( विनय मिश्रा )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व कार्यवाहक कुलपति प्रो. आरआर तिवारी की पेंशन पर रोक लगा दी गई है। आरोप है कि रिटायर होने के बाद उन्होंने अब तक इविवि प्रशासन को 30 किताब और कुछ अन्य सामान लौटाकर नो ड्यूज (अदेयता प्रमाण पत्र) नहीं लिया। प्रो. तिवारी ने इसके लिए कुलपति को पत्र लिखा है।
प्रो. तिवारी ने कहा कि इसके लिए मानसिक तौर पर काफी परेशान हैं। उन्होंने कई बार इविवि के चक्कर लगाए और अब कुलपति को पत्र भेजकर पेंशन बहाली की मांग की है। उन्होंने बताया कि रिटायर होने पर वह 81 ऐसे सामान इविवि को लौटा चुके हैं, जिसका लिस्ट में जिक्र तक नहीं था। इसके अलावा 178 किताबें भी इविवि को वापस की। अब इविवि प्रशासन का कहना है कि उन्होंने 30 किताबें नहीं वापस की। उसके लिए लिखकर दे चुका हूं कि मुझसे उसकी कीमत ले ली जाए। बता दें कि कार्यवाहक कुलपति रहे जेके इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड फिजिक्स एंड टेक्नोलाजी विभाग के प्रो. आरआर तिवारी 30 जून को रिटायर हो चुके हैं।
इविवि की पीआरओ डॉ. जया कपूर ने कहा कि प्रो. आरआर तिवारी की ओर से विभाग की कुछ किताबें और अन्य सामान अभी तक वापस नहीं करने के कारण विभाग की ओर से नो ड्यूज नहीं मिला है। इस कारण पेंशन भुगतान की प्रक्रिया में देरी हो रही है।




