कोहरे ने विमान सेवा पर डाला असर, तीन घंटे देरी से पहुंची दिल्ली की फ्लाइट

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर अब सड़क व ट्रेन के साथ-साथ हवाई यातायात पर भी पडऩे लगा है।
अलायंस एयर की फ्लाइट बुधवार को तीन घंटा 10 मिनट विलंब से प्रयागराज आई। वहीं वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों की धुंघ के कारण रफ्तार कम हो गई।
नई दिल्ली-प्रयागराज-नई दिल्ली फ्लाइट के प्रयागराज एयरपोर्ट आने का समय दोपहर 2.30 बजे है। यह फ्लाइट शाम 5.40 बजे आई। दोपहर 3.00 बजे नई दिल्ली जाने वाली फ्लाइट ने शाम 6.00 बजे नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार अलायंस एयर की फ्लाइट प्रयागराज से पहले नई दिल्ली और जम्मू के बीच उड़ान भरती है।
जम्मू में मौसम खराब होने के कारण फ्लाइट विलंबित हुई और इसका असर प्रयागराज आने व यहां से जाने वाले यात्रियों पर पड़ा।
इसी तरह प्रयागराज-नई दिल्ली खंड में भी कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर अंकुश लगाया है। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस लगभग 45 मिनट विलंब से प्रयागराज आई। कालका से दिल्ली होकर हावड़ा जाने वाली कालका मेल लगभग एक घंटा, आनंद विहार टर्मिनस-कामाख्या डेढ़ घंटा, जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस एक घंटा, लोकमान्य तिलक-प्रयागराज स्पेशल एक घंटा, नंदन कानन दो घंटे 40 मिनट, नई दिल्ली-गया 45 मिनट, आनंद विहार टर्मिनस-मधुपुर एक घंटा, कामाख्या-दिल्ली सवा दो घंटे विलंबित रही। विमान और ट्रेनों के अलावा लंबी दूरी की बसें भी विलंबित हो रही हैं।



