उत्तर प्रदेश राज्य संविदा कर्मचारी महासंघ की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, आन्दोलन की रणनीति तैयार।

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। पूर्व घोषित कार्यक्रमानुसार उत्तर प्रदेश राज्य संविदा कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्याम सूरत पाण्डेय की अध्यक्षता में सभी संविदा कर्मियों की एक बैठक डिप्लोमा इंजीनियर संघ भवन में आयोजित हुई जिसमें आशा, आँगनबाड़ी, ग्राम रोजगार सेवक, शिक्षामित्र, रोडवेज संविदा, बिजली संविदा, जल निगम संविदा सहित कई विभागों के संविदाकर्मी संघों के पदाधिकारी सदस्यगण उपस्थित रहे। सभा की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्याम सूरत पाण्डेय ने आन्दोलन की रणनीति पर प्रकाश डाला कहा की वर्तमान सरकार संविदा कर्मचारियों को लॉलीपॉप और झुनझुना पकड़ाने का काम कर रही है, जिसके क्रम में बारी-बारी से संविदा कर्मियों को बुलाकर झूठी घोषणाएं करना शुरू कर दिया है, किंतु संविदा कर्मियों को जागरूक रहना होगा और ऐसे लालीपापों से दूर होकर सिर्फ और सिर्फ संघर्ष करने के लिए आगे आना होगा। श्री पांडे ने कहा कि जब तक संविदा कर्मियों को न्यूनतम वेतनमान 18000 और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की कार्यवाही वर्तमान सरकार नहीं करती लगातार आंदोलन होगा और इसका खामियाजा सरकार को आने वाले चुनाव में भुगतना पड़ेगा। इसी क्रम में 5 अक्टूबर को लोक निर्माण विभाग कार्यालय से मोटरसाइकिल जुलूस सुबह 9:30 बजे से निकालकर गवर्नमेंट प्रेस पहुंचकर वहां से राज्य कर्मचारियों के संयुक्त मंच कर्मचारी, अधिकारी, शिक्षक एवं पेंशनर्स मंच के साथ सम्मिलित होकर जुलूस निकाला जाएगा तत्पश्चात 28 अक्टूबर को पत्थर गिरजाघर सिविल लाइंस धरना स्थल पर सुबह 9:30 बजे समस्त संविदा कर्मियों को उपस्थित होना है और वहीं से जुलूस बनाकर जिलाधिकारी कार्यालय पर आकर अपने माँग पत्रों को सौंपना है। महासंघ के प्रान्तीय संरक्षक इं० वी०के० पाण्डेय, फूलचन्द्र दुबे, लिम्काबुक रिकॉर्डधारी राजेंद्र तिवारी उर्फ दुकानजी, संविदा कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण पाण्डेय, जलनिगम से कृष्णानन्द तिवारी, आँगनबाड़ी संघ से मण्डल अध्यक्ष संतोष मिश्रा, ग्रामरोजगार सेवक संघ के जिला अध्यक्ष अरुण यादव, मण्डल अध्यक्ष विजयचन्द्र विश्वकर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश पटेल, आशासंघ से जिलाध्यक्ष सुनीता पाण्डेय, नगर अध्यक्ष विभा मिश्रा, शिक्षामित्र संघ से वसीम अहमद एवं संविदा कर्मचारी संघ के दीनानाथ यादव, लालचन्द्र कुशवाहा, महेश पाण्डेय, मुख्तार आलम, आदि ने अपने विचार रखें और आन्दोलन के लिए एकजुटता का संकल्प लिया। अन्त में संविदा कर्मचारी महासंघ के मीडिया प्रभारी अधिवक्ता सत्य प्रकाश पाण्डेय ने समस्त उपस्थित पदाधिकारियों, सदस्यों का आभार प्रकट किया एवं एकजुटता की अपील की।




