माघ मेला की तैयारियों करने वाले विभागों को दिया आवश्यक दिशा निर्देश

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। माघ मेला 2022 के लिए तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। पिछले दिनों लोक निर्माण विभाग ने पुल और सड़क के लिए टेंडर भी जारी कर दिया है। जिलाधिकारी ने माघ मेला की तैयारियों करने वाले करीब दर्जन भर विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। उन्होंने सभी अधिकारियों से कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है। कहा कि जल्द ही सभी विभाग कार्ययोजना उपलब्ध कराएं। इस बार माघ मेला का पहला स्नान पर्व 14 जनवरी को होगा। यह स्नान पर्व मकर संक्रांति होगा। उससे पहले वहां पर सभी तरह की तैयारियां पूरी करनी होगी। तैयारियों में दो से तीन महीने समय लगता है। इसलिए अभी से उसके लिए अफसर सक्रिय हो गए हैं। डीएम संजय कुमार खत्री ने बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जल निगम, गंगा प्रदूषण, रोडवेज, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई बाढ़ खंड सहित अन्य संबंधित विभागों के साथ माघ मेला में कराए जाने वाले कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की । जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विभागों ने अभी तक अपनी कार्ययोजना नहीं दी है, वह तत्काल उपलब्ध करा दें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को कार्ययोजना के अनुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. प्रभाकर राय अपर जिलाधिकारी नगर मदन कुमार,मुख्य चिकित्साधिकारी डा. नानक सरन आदि थे।




