इंदौर। नाबालिग छात्रा पर तेजाब फेंकने की धमकी देने वाले को पुलिस ने पकड़ा है। छात्रा के पिता ने आरोपित की छेड़छाड़ के परेशान होकर अपना मकान तक बेच दिया था। वी केयर फॉर यू प्रकोष्ठ ने सोमवार को जूनी इंदौर निवासी 17 वर्षीय छात्रा की शिकायत पर अजय पिता कैलाश जाट निवासी खंडवा रोड कृष्णा एवेन्यू के खिलाफ कार्रवाई की है। वी केयर फॉर यू प्रभारी ने बताया कि नाबालिग 12वीं की छात्रा है। आरोपित को वह चार साल से जानती है। दोनों की मुलाकात स्कूल में हुई थी। पिछले दो वर्षों से आरोपित उसे परेशान कर रहा था।आरोपित की छेड़छाड़ से परेशान होकर पीड़िता के पिता तीन मकान बदल चुके हैं। उन्होंने अपना भंवरकुआं स्थित मकान बेच दिया था। आरोपित इसके बाद भी उसका पीछा कर परेशान कर रहा था। वह फोन कर पीड़िता पर दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। मना करने पर पूरे परिवार को जान से मारने के लिए धमकाता था। छात्रा को रास्ते में रोककर चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी देता था। पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने 12वीं तक पढ़ाई की है। इसके बाद वह शेयर मार्केट में काम करने लगा। उसके पिता प्रॉपर्टी ब्रोकर है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए आरोपित को जूनी इंदौर पुलिस के सुपुर्द किया है।
Related Articles
Check Also
Close
-
पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट के 10 पदों पर बेटियां चयनितSeptember 29, 2021


